समयमान वेतनमान का लाभ छत्तीसगढ़ के 421 अभियंताओं को मिला, जानिए अन्य कर्मचारियों को क्या मिली बड़ी सौगात

छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है जिससे नगरीय निकायों में काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को अब हर महीने की पहली तारीख को सैलरी मिलेगी। इससे पहले कर्मचारियों को हर महीने की 7 तारीख को वेतन दिया जाता था। इस नए निर्णय से 600 कर्मचारियों को लाभ होगा।
यह जानकारी नगरीय प्रशासन विभाग ने दी है। विभाग ने सभी नगरीय निकायों के प्रमुखों को आदेश जारी किया है कि कर्मचारियों और अधिकारियों को हर महीने की 7 तारीख के स्थान पर 1 तारीख को वेतन भुगतान किया जाएगा। यह कदम कर्मचारियों के लिए एक सुखद बदलाव साबित होगा।
वन विभाग के 6100 कर्मचारियों को हर महीने 4000 रुपये
वहीं वन विभाग के 6100 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भी खुशखबरी मिली है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर उन्हें प्रति माह 4000 रुपये की दर से श्रम सम्मान राशि का भुगतान किया जाएगा। इस संदर्भ में 12.34 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।
यह राशि वन विभाग के कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए प्रदान की जा रही है। इससे पहले इसी वित्तीय वर्ष में 9.21 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। दैनिक वेतन भोगी वन कर्मचारी संघ ने मांग की थी कि सभी कर्मचारियों को श्रम सम्मान राशि का भुगतान किया जाए।
अभियंताओं के लिए समयमान वेतनमान का लाभ
इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 421 अभियंताओं को उनके दीर्घकालीन सेवा योगदान का सम्मान करते हुए समयमान वेतन का लाभ प्रदान करने का आदेश दिया है। यह फैसला उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर लिया गया है।
इस आदेश के तहत 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 32 अभियंता 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 388 अभियंता और 08 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 01 अभियंता शामिल हैं। इनमें उप अभियंता सहायक अभियंता कार्यपालन अभियंता और अधीक्षण अभियंता शामिल हैं।
यह निर्णय पिछले 4-5 वर्षों से लंबित था। अभियंताओं ने हाल ही में डिप्टी सीएम से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। डिप्टी सीएम ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा।