सुबह -सुबह दिल्ली, हरियाणा में झमाझम बारिश, बादलों की आवाजाही ने गर्मी से दिलाई राहत, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार सुबह हुई झमाझम बारिश और दिन में रुक-रुककर होती रही हल्की बारिश ने दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत दिलाई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी ने बृहस्पतिवार को भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बादलों की आवाजाही दिनभर बनी रहेगी और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया हुआ है।
सुबह-सुबह हुई तेज बारिश
बुधवार सुबह जब दिल्लीवासी सोकर उठे तो आसमान में काले घने बादल छाए हुए थे। तेज बारिश शुरू हुई जो लगभग डेढ़ घंटे तक चली। इसके बाद दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 27.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 9.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वर्षा और बादलों की आवाजाही से तापमान में भी बदलाव देखा गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक दिन पहले 36.2 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम 24.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो एक दिन पहले 27.4 डिग्री था। हवा में नमी का स्तर 100 से 74 प्रतिशत रहा जिससे दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
दिल्ली की हवा में सुधार
मौसम की मेहरबानी से दिल्ली की हवा भी साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 97 रहा जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। अगले दो दिनों के दौरान भी वायु गुणवत्ता का स्तर लगभग इसी के आसपास रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में लगातार बारिश
दक्षिण भारत में भी लगातार बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। इस बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने यह भी कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।