Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में ठंड की दस्तक, दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी, जानें मौसम पूर्वानुमान

Delhi Highlights, नई दिल्ली: भारत के तटीय राज्यों में मौसम की स्थिति तेजी से बदल रही है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 16 अक्टूबर 2024 इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण तेलंगाना में भी भारी बारिश की संभावना है।
IMD का अलर्ट और बंगाल की खाड़ी में तूफानी गतिविधि
मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश के तट के पास साइक्लोनिक सर्कुलेशन यानी तूफान की स्थिति बन रही है। इस साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण तटीय क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। इसी बीच अंडमान निकोबार द्वीप समूह के ऊपर एक बहुत गहरा निम्न दबाव बन चुका है जो धीरे-धीरे एक बड़े साइक्लोनिक सरकुलेशन का आकार ले सकता है। इस तूफानी गतिविधि के चलते तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
पूर्वोत्तर मॉनसून ने बढ़ाई मुश्किलें
प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून का आगमन हो चुका है जिसके चलते मंगलवार 15 अक्टूबर 2024 को तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। IMD ने बताया कि यह बारिश आने वाले दिनों में और भी तेज हो सकती है, जिसके लिए पहले से ही सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में पानी भरने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना है।
उत्तरी भारत में ठंड की दस्तक
दक्षिण पूर्व मानसून दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत से विदा हो चुका है। अब ठंड धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। 16 अक्टूबर 2024 को मौसम विभाग ने दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है जो ठंड के बढ़ने के संकेत हैं। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है जबकि दिन में मौसम सामान्य बना हुआ है।
क्या हो सकता है आगे?
आने वाले दिनों में उत्तर और पूर्वी भारत में बारिश कम होने के बावजूद ठंड का प्रभाव बढ़ने की उम्मीद है। वहीं दक्षिणी और तटीय राज्यों में बारिश की स्थिति गंभीर बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटों में भारी बारिश का अनुमान है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के कारण स्थिति गंभीर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है विशेष रूप से निचले तटीय क्षेत्रों में। तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। IMD का कहना है कि इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं जिससे तटीय क्षेत्रों में क्षति का खतरा है।