delhihighlight

Special Train: दिवाली पूजा के दौरान यात्रियों को राहत, नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन शुरू, देखें आने जानें का समय

Delhi-Patna Vande Bharat Special Train: यह विशेष ट्रेन 30 अक्टूबर को सुबह 8:25 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और उसी दिन रात 8 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान ट्रेन कानपुर, प्रयागराज, डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन), बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी।
 
Delhi-Patna Vande Bharat Special Train

Delhi Highlights, नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली से पटना के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक शानदार ख़बर दी है। रेलवे ने पूजा के अवसर पर विशेष वंदे भारत ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 30 अक्टूबर से शुरू होकर 1, 3 और 6 नवंबर तक प्रायोगिक आधार पर चलाई जाएगी।

वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल

यह विशेष ट्रेन 30 अक्टूबर को सुबह 8:25 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और उसी दिन रात 8 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान ट्रेन कानपुर, प्रयागराज, डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन), बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में पटना-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन 31 अक्टूबर, 2, 4 और 7 नवंबर को पटना से रवाना होगी। पटना से प्रस्थान का समय सुबह 7:30 बजे निर्धारित किया गया है और यह ट्रेन उसी दिन शाम 7 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

पटना से रवाना होने वाली वंदे भारत ट्रेन आरा स्टेशन पर सुबह 8:05, बक्सर पर 8:47, डीडीयू पर 10:20, प्रयागराज पर 12:10, कानपुर सेंट्रल पर 2:18 बजे रुकेगी और अंततः नई दिल्ली पहुंचेगी।

यह पहली बार है जब पटना से नई दिल्ली के बीच एक विशेष वंदे भारत ट्रेन चलाई जा रही है। रेलवे द्वारा शुरू की गई इस पूजा स्पेशल वंदे भारत ट्रेन से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है, विशेषकर त्योहार के समय।

सिवान-पटना के बीच मात्र एक ट्रेन का संचालन, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

उत्तर पूर्व रेलवे के सिवान जंक्शन से सिर्फ एक ट्रेन ही पटना के लिए चल रही है जिससे यहां के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सिवान जंक्शन न केवल सिवान जिले के लिए बल्कि गोपालगंज जिले के यात्रियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। हालांकि यहां से पटना के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं चल रही हैं।

सीधी रेल लाइन होने के बावजूद ट्रेन नहीं

सिवान से पटना तक की सीधी रेल लाइन चार साल पहले शुरू की गई थी जिससे पटना के पास स्थित पाटलिपुत्र स्टेशन तक का सफर आसान हो गया था। इसके बावजूद, सिवान से पटना के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है। शुरू में गोरखपुर से पाटलिपुत्र स्टेशन तक एक यात्री ट्रेन शुरू की गई थी लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया।

कुछ समय बाद लखनऊ से पाटलिपुत्र स्टेशन तक एक सुपरफास्ट ट्रेन चलाई गई लेकिन वह भी सिवान से पटना के लिए पर्याप्त नहीं साबित हुई। वर्तमान में सिवान से पटना के लिए सिर्फ एक ट्रेन चल रही है जो सुपरफास्ट एक्सप्रेस है। यह ट्रेन सिवान से सुबह 11:50 बजे रवाना होती है और दोपहर 2:50 बजे पाटलिपुत्र पहुंचती है। वापसी में यह ट्रेन पाटलिपुत्र से शाम 3:50 बजे प्रस्थान करती है और शाम 6:15 बजे सिवान पहुंचती है।

यात्री ट्रेनों की मांग

सिवान से पटना के लिए सीधी रेल लाइन होने के बावजूद ट्रेन सेवा की कमी यात्रियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। सिवान और पटना के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए कम से कम दर्जनभर ट्रेनों की आवश्यकता है ताकि सिवान के लोग आसानी से राजधानी तक की यात्रा कर सकें। वर्तमान में ट्रेन की कमी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और ट्रेन पकड़ने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।